कोलकाता, 2 अक्टूबर, 2026:

पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय ने आज (1 अक्टूबर, 2026) कांचरापाड़ा कारखाना का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ श्री परमानंद शर्मा, प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर; श्री सुभाष चंद्र, मुख्य कारखाना प्रबंधक, कांचरापाड़ा; कांचरापाड़ा कारखाना के प्रधान विभागाध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
महाप्रबंधक ने सियालदह से कांचरापाड़ा स्टेशन तक विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण किया, ताकि ट्रैक फिटिंग्स, ओवरहेड उपकरण और सिग्नलिंग प्रणालियों की स्थिति का जायजा लिया जा सके।
निरीक्षण की शुरुआत में सुश्री गीतिका पाण्डेय ने स्वच्छ भारत अभियान में भाग लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कार्यस्थल पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई के महत्व पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने एलएचबी कोच के आवधिक ओवरहॉलिंग शॉप का उद्घाटन किया और एलएचबी कोचों की आवधिक ओवरहॉलिंग कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आवधिक ओवरहॉलिंग लोको शेड से एक आवधिक ओवरहॉलिंग लोकोमोटिव को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनके कार्य और परिचालन संबंधी आवश्यकताओं के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
सुश्री पाण्डेय ने एलएचबी कंपोनेंट्स के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की समीक्षा की तथा शॉप नंबर 27, सवारी एवं मालडिब्बा कारखाना/कांचरापाड़ा में इलेक्ट्रो-न्यूमेटिक प्रेशराइज्ड फ्लशिंग सिस्टम के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। उन्होंने शॉप नंबर 26 में अग्नि एवं धुआँ पहचान प्रणाली के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और एलएचबी उपकरण परीक्षण कक्ष का भी उद्घाटन किया। इन सुविधाओं का उद्देश्य तकनीकी उत्कृष्टता को बढ़ावा देना, परीक्षण क्षमताओं को मजबूत करना तथा रखरखाव के मानकों में सुधार करना है।
महाप्रबंधक ने कारखाना के महिला कर्मचारियों से भी बातचीत की और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उनके कल्याण से संबंधित विषयों पर चर्चा की तथा उनके सामने आने वाली किसी भी कठिनाई या शिकायत के संबंध में प्रतिक्रिया मांगी। उन्होंने सहयोगपूर्ण और समावेशी कार्यस्थल के वातावरण के महत्व को रेखांकित किया।

सुश्री पाण्डेय ने नवीनीकृत कारखाना म्यूजियम एवं आर्ट गैलरी का भी दौरा किया और इसका उद्घाटन किया। आर्ट गैलरी की एक उल्लेखनीय विशेषता यह है कि इसे स्क्रैप सामग्री का उपयोग करके विकसित किया गया है, जो कारखाना के कर्मचारियों की रचनात्मकता और नवाचार की भावना को दर्शाता है। कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सुश्री पाण्डेय ने कहा कि विभिन्न नवीन वस्तुओं के निर्माण में कर्मचारियों की ऊर्जा, प्रतिभा और धैर्य को देखकर उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

महाप्रबंधक ने आगे शॉप नंबर 14 के कॉइल सेक्शन और लोको टेस्टिंग शेड का दौरा किया, जहां उन्होंने वहां संचालित गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।

इसके बाद सुश्री पाण्डेय ने कांचरापाड़ा कारखाना के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कारखाना के विकास, उपलब्धियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में की गई प्रमुख गतिविधियों पर एक प्रस्तुति दी गई। उन्होंने प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आगे सुधार के क्षेत्रों की पहचान करने तथा कारखाना के संचालन की समग्र दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने मान्यता प्राप्त यूनियनों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की तथा सभी हितधारकों को कारखाना के निरंतर विकास और सुचारू संचालन के लिए प्रशासन के साथ घनिष्ठ समन्वय में मिलकर कार्य करने की सलाह दी।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा- “महाप्रबंधक द्वारा कांचरापाड़ा कारखाना का निरीक्षण पूर्व रेलवे की आधुनिकीकरण, तकनीकी उत्कृष्टता, कर्मचारी कल्याण, स्वच्छता तथा रखरखाव संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस दौरे से चल रही गतिविधियों की समीक्षा करने तथा परिचालन दक्षता और कार्यस्थल की सुविधाओं को और बेहतर बनाने हेतु क्षेत्रों की पहचान करने का अवसर भी मिला।”