*सुश्री गीतिका पाण्डेय, महाप्रबंधक पूर्व रेलवे द्वारा इस विरासत प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन*

कोलकाता, 22 नवंबर, 2026:

विश्व विरासत सप्ताह 2026 के उपलक्ष्य में, पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल द्वारा प्रिंसेप घाट रेलवे स्टेशन पर ‘टाइम टेबल – ए जर्नी थ्रू हेरिटेज’ शीर्षक से एक विशेष विरासत प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, जो 22 नवंबर, 2026 से प्रारंभ हुई है।

रविवार दोपहर (22 नवंबर, 2026) को प्रिंसेप घाट स्टेशन पर पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय द्वारा इस प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय ने कहा कि भारतीय रेल केवल परिवहन का एक माध्यम नहीं है; यह भारत के इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान का एक अभिन्न अंग है। भारतीय रेल की यह यात्रा दूरदर्शिता, नवाचार, दृढ़ता और परिवर्तन की एक उल्लेखनीय गाथा है। पहले भाप के इंजनों से लेकर आज की आधुनिक, उच्च गति वाली और तकनीकी रूप से उन्नत ट्रेनों तक, प्रत्येक मील का पत्थर पीढ़ियों की आकांक्षाओं और उपलब्धियों को दर्शाता है।

पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय ने यह भी कहा कि विश्व विरासत सप्ताह 2026 के अवसर पर सियालदह मंडल द्वारा आयोजित यह सुंदर प्रदर्शनी अत्यंत सराहनीय है, क्योंकि यह “विकास भी, विरासत भी” के सिद्धांत का अनुसरण करते हुए हमारी विरासत को संरक्षित करने और सम्मान देने के मूल दिशानिर्देश का पालन करती है। पूर्व रेलवे विरासत को महत्व देता है तथा स्टेशनों और रेलवे भवनों की विभिन्न प्रतिष्ठित संरचनाओं के माध्यम से समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखता है, और साथ ही अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को भी क्रियान्वित कर रहा है।

यह प्रदर्शनी आगंतुकों को भारतीय रेल की समृद्ध और गौरवशाली विरासत की एक आकर्षक यात्रा पर ले जाएगी, जिसमें दशकों से रेलवे प्रणाली के विकास को दर्शाने वाले दुर्लभ ऐतिहासिक तथ्यों, रोचक कहानियों और अभिलेखीय तस्वीरों (आर्काइवल फोटोग्राफ्स) को एक साथ संजोया गया है। इस प्रदर्शनी में सियालदह और उसके आसपास के क्षेत्रों में रेलवे के विकास का इतिहास भी प्रदर्शित किया गया है, जो 19वीं सदी के मध्य का है और तत्कालीन कलकत्ता को उसके आसपास के क्षेत्रों से जोड़ने में प्रारंभिक रेलवे कंपनियों की अग्रणी भूमिका को दर्शाता है। इस अनूठी प्रस्तुति के माध्यम से आगंतुकों को भारतीय रेल के ऐतिहासिक मील के पत्थरों, उल्लेखनीय उपलब्धियों और चिरस्थायी विरासत को जानने का अवसर मिलेगा, जिसने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक परिदृश्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को भारतीय रेल की असाधारण विरासत से पुनः जोड़ना और इसकी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को उजागर करना है।

इसका लक्ष्य भावी पीढ़ियों के लिए इस अमूल्य धरोहर को संरक्षित, सुरक्षित और संजोए रखने के प्रति अधिक जन-जागरूकता पैदा करना तथा सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को प्रेरित करना भी है।

इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री मनोज खान, प्रधान मुख्य इंजीनियर श्री विक्रम गुप्ता, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)/आरएसपी श्री प्रवीण खुराना, प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री धनेश्वर मोहंता, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री अमिय नंदन सिन्हा, प्रधान वित्त सलाहकार मोहम्मद जावेद मज़हर, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री दीपक निगम, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री संदीप शुक्ला, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री राघवेंद्र सारस्वत, मंडल रेल प्रबंधक/सियालदह श्री राजीव सक्सेना, मंडल रेल प्रबंधक/हावड़ा श्री विशाल कपूर तथा पूर्व रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

श्री राजीव सक्सेना, मंडल रेल प्रबंधक/सियालदह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इस पहल के माध्यम से पूर्व रेलवे देश की रेल विरासत का उत्सव मनाने और आम जनता के बीच इसके ऐतिहासिक महत्व के प्रति अधिक सम्मान व जागरूकता को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।