कोलकाता: 25 सितंबर 2026
• GeM 4.0 प्लेटफॉर्म से अधिकारी एवं कर्मचारी हुए परिचित
सियालदह मंडल ने विभिन्न विभागों एवं कार्यशालाओं में सामान्य वस्तुओं और सेवाओं की खरीद के लिए GeM (Government e-Marketplace) पोर्टल के व्यापक, प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार GeM कार्यशाला का आयोजन किया।
इस अवसर पर नई दिल्ली से श्री अनुज कुमार, निदेशक/GeM एवं श्री सायंतन रॉय, निदेशक/GeM बतौर अतिथि वक्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला में सियालदह मंडल के विभिन्न विभागों के 250 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व रेलवे के अन्य मंडलों, कार्यशालाओं एवं मुख्यालय तथा ब्रेथवेट जैसी अन्य संस्थाओं के अधिकारियों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन श्री आशीष कुमार मित्र, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक, सियालदह के नेतृत्व में तथा श्री राजीव सक्सेना, मंडल रेल प्रबंधक, सियालदह के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अद्यतन GeM 4.0 प्लेटफॉर्म, इसकी खरीद प्रक्रियाओं, सेवाओं एवं नई सुविधाओं से परिचित कराना था। सत्र के दौरान रेलवे के खरीदारों द्वारा पोर्टल के उपयोग में आने वाली सामान्य तकनीकी समस्याओं तथा विक्रेताओं के बिलों के भुगतान की प्रक्रिया से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। GeM विशेषज्ञों ने प्रक्रियाओं को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया, जिससे प्रतिभागियों को तकनीकी शंकाओं एवं परिचालन संबंधी प्रश्नों का समाधान प्राप्त करने तथा पोर्टल के अधिक सुगम एवं प्रभावी उपयोग में सहायता मिली।
GeM अब केवल सरकारी संगठनों द्वारा सामान्य वस्तुओं की खरीद तक सीमित मंच नहीं है, बल्कि विभिन्न प्रकार की वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद के लिए एक व्यापक डिजिटल मार्केटप्लेस के रूप में विकसित हुआ है। कार्यशाला में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं निर्धारित खरीद प्रक्रियाओं के अनुपालन को सुनिश्चित करते हुए GeM के उपयोग के लाभों पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर श्री राजीव सक्सेना, मंडल रेल प्रबंधक, सियालदह ने कहा, GeM सरकारी खरीद के लिए एक पारदर्शी और सुव्यवस्थित मंच प्रदान करता है। इस कार्यशाला का उद्देश्य खरीदारों एवं विक्रेताओं को अद्यतन प्रणाली से परिचित कराना और GeM के व्यापक उपयोग को प्रोत्साहित करना है। इससे खरीद प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।









