कोलकाता | 30 जुलाई, 2026

यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सियालदह मंडल ने सियालदह स्टेशन पर एक समर्पित सेंट्रल गेट का शुभारंभ किया है। यह नया प्रवेश एवं निकास द्वार विशेष रूप से मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के यात्रियों के लिए विकसित किया गया है, जिससे उन्हें स्टेशन तक तेज़, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक पहुंच उपलब्ध होगी। इस पहल का उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करना, मौजूदा प्रवेश द्वारों पर भीड़ कम करना तथा विशेष रूप से लंबी दूरी के यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाना है।
अब तक यात्री सियालदह स्टेशन में प्रवेश एवं निकास के लिए चार प्रमुख द्वारों—प्रफुल्ल द्वार, नॉर्थ गेट, मेन गेट तथा साउथ गेट—का उपयोग करते थे।

नए सेंट्रल गेट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह विशेष रूप से मेल एवं एक्सप्रेस यात्रियों के लिए समर्पित है। इस द्वार के माध्यम से यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेनों के प्लेटफॉर्म तक सीधे, विस्तृत एवं बाधारहित पहुंच मिलेगी। साथ ही, स्टेशन के बाहर स्थित प्रीपेड टैक्सी स्टैंड तक भी बिना भीड़भाड़ वाले उपनगरीय क्षेत्र से होकर गुजरे सीधे पहुंचा जा सकेगा।
यह समर्पित मार्ग सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे यात्रियों की क्रॉस मूवमेंट (एक-दूसरे के मार्ग को काटते हुए आवागमन) समाप्त होगी, जिससे भीड़भाड़ में कमी आएगी। यह सुविधा विशेष रूप से भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों तथा पर्यटकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
यात्रियों की आवाजाही को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए सियालदह मंडल ने विभिन्न प्लेटफॉर्मों के अनुसार उपयुक्त प्रवेश द्वारों के उपयोग की सलाह दी है—

• प्लेटफॉर्म 1–5 (मेन लाइन): नैहाटी, कल्याणी, रानाघाट, शांतिपुर, कृष्णानगर सिटी जंक्शन एवं गेदे की ओर जाने वाली उपनगरीय सेवाएं। यात्री प्रफुल्ल द्वार अथवा नॉर्थ एंट्री गेट का उपयोग करें।
• प्लेटफॉर्म 6–10 (नॉर्थ/मेन): बारासात, बोंगांव, हासनाबाद, डानकुनी एवं बारुईपाड़ा की ओर जाने वाली सेवाएं। यात्री मेन एंट्री गेट का उपयोग करें।
• प्लेटफॉर्म 11–14 (मेल/एक्सप्रेस): लंबी दूरी की मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए समर्पित प्लेटफॉर्म। इन प्लेटफॉर्मों तक पहुंचने के लिए सेंट्रल गेट का उपयोग करें।
• प्लेटफॉर्म 15–21: सियालदह दक्षिण खंड की उपनगरीय सेवाएं। यात्री साउथ एंट्री गेट का उपयोग करें।

इस अवसर पर सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजीव सक्सेना ने कहा, “हमारा उद्देश्य प्रत्येक यात्री की यात्रा को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। सेंट्रल गेट सियालदह स्टेशन के आधुनिकीकरण, यात्रियों की आवाजाही को बेहतर बनाने तथा लंबी दूरी के यात्रियों के लिए सुविधाओं में वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
सेंट्रल गेट को भविष्य की यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भी विकसित किया गया है। सियालदह मंडल इस क्षेत्र में ऐप-आधारित कैब पिक-अप एवं ड्रॉप पॉइंट तथा एक आधुनिक शौचालय परिसर विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य कर रहा है, जिससे अंतिम चरण (लास्ट-माइल) की कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं में और सुधार होगा।
सेंट्रल गेट अब पूर्ण रूप से संचालित है तथा आम जनता के उपयोग के लिए खुला है। मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के यात्रियों से अनुरोध है कि वे इस समर्पित प्रवेश एवं निकास द्वार का उपयोग कर अपनी यात्रा को अधिक तेज़, सुगम एवं आरामदायक बनाएं।