कोलकाता, 25 जून, 2026

भारतीय रेलवे वित्त निगम की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व(सीएसआर) पहल के अंतर्गत पूर्व रेलवे के बी. आर. सिंह अस्पताल के लिए नवीन चिकित्सा उपकरणों का उद्घाटन समारोह आज (25.06.2026) बी. आर. सिंह अस्पताल में आयोजित किया गया।
सीएसआर पहल के माध्यम से अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ बी. आर. सिंह अस्पताल में चिकित्सा बुनियादी ढांचे का यह उन्नयन पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के संरक्षण से ही संभव हो सका है।
पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री शीलेन्द्र प्रताप सिंह ने समारोह में दीप प्रज्वलित कर नवीन चिकित्सा उपकरणों को जनसेवा हेतु समर्पित किया। इस अवसर पर भारतीय रेलवे वित्त निगम के कार्यकारी निदेशक श्री मनीष चन्द्र, पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. नटराज बसप्पा, सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजीव सक्सेना, बी. आर. सिंह अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. देबाशीष गुहा तथा पूर्व रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
525 बिस्तरों की क्षमता वाले बी. आर. सिंह अस्पताल, जो भारतीय रेल के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक तथा पूर्व रेलवे की प्रमुख स्वास्थ्य सेवा संस्था है, ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के माध्यम से अपने अवसंरचना विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारतीय रेलवे वित्त निगम (IRFC) द्वारा प्रदान किए गए ₹2.64 करोड़ के सीएसआर अनुदान से क्रय किए गए पाँच (05) अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों को आधिकारिक रूप से रेलवे लाभार्थियों की सेवा हेतु समर्पित किया गया।
इन उन्नत तकनीकों का समावेश मरीजों की देखभाल के आधुनिकीकरण में, विशेष रूप से विशिष्ट कार्डियक (हृदय रोग) और ईएनटी (नाक-कान-गला) उपचार के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिध्द होगी।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएँ: भारतीय रेल के साथ हुए एक समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने हेतु आईआरएफसी की विशेष सीएसआर पहल के माध्यम से पूर्ण वित्तपोषण।
क्रय किए गए उपकरण:
कार्डियोलॉजी विभाग हेतु: जटिल हृदय रोग निदान के लिए एक नया सेंट्रल मॉनिटरिंग सिस्टम, एक उन्नत एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन और एक उच्च स्तरीय इकोकार्डियोग्राफी मशीन

  • ईएनटी विभाग हेतु: सटीक और न्यूनतम आक्रामक सर्जरी के लिए एक ईएनटी एंडोस्कोपिक सेट-4के और एक माइक्रो डिब्राइडर सेट।
    इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री शीलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय रेलवे वित्त निगम द्वारा इस अस्पताल के लिए सीएसआर निधि उपलब्ध कराए जाने से बी. आर. सिंह अस्पताल में पहले से उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं में और अधिक सुधार होगा, जिससे यहाँ उपचार प्राप्त करने वाले रेलवे लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त होंगी।
    कार्यक्रम के दौरान बी. आर. सिंह अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. देबाशीष गुहा ने एक पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि किस प्रकार आईआरएफसी की सीएसआर पहल ने अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के वित्तपोषण द्वारा अस्पताल की चिकित्सा अवसंरचना को सुदृढ़ एवं उन्नत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
    इस अवसंरचनात्मक सुदृढ़ीकरण के महत्व पर जोर देते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा-“इन अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का समावेश पूर्व रेलवे की अपने विशाल रेलवे लाभार्थी समुदाय को उच्च गुणवत्ता वाली, संवेदनशील एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारतीय रेलवे वित्त निगम (IRFC) के साथ यह सहयोग इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि किस प्रकार संस्थागत समन्वय के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना को सशक्त बनाया जा सकता है तथा जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी एवं जीवनरक्षक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाई जा सकती हैं।”