कोलकाता: 08 जुलाई 2026
रेलवन मोबाइल ऐप के पूर्व जागरूकता अभियानों को यात्रियों से मिले अत्यंत उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद सियालदह मंडल ने डिजिटल टिकटिंग को और अधिक बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपने प्रचार-प्रसार अभियान को और अधिक सशक्त एवं व्यापक बना दिया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधा प्रदान करना तथा टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों से राहत दिलाना है। मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारी यात्रियों को रेलवन मोबाइल ऐप डाउनलोड कराने, Account बनाने, ऐप की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देने तथा त्वरित एवं सहज टिकट बुकिंग के लिए वॉलेट का उपयोग करने में सक्रिय रूप से सहायता कर रहे हैं।
इस सघन अभियान के अत्यंत सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सियालदह मंडल में रेलवन ऐप पर पंजीकरण तथा डिजिटल टिकट बुकिंग में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है, जो ऐप आधारित टिकटिंग प्रणाली के प्रति यात्रियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
रेलवन मोबाइल ऐप के माध्यम से यात्री अनारक्षित टिकट, सीजन टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट तथा आरक्षित टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऐप में कई अन्य यात्री-अनुकूल सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं, जो रेल यात्रा को अधिक सरल, तेज़ एवं सुविधाजनक बनाती हैं।
यात्रियों से प्राप्त उत्साहजनक सहयोग से प्रेरित होकर सियालदह मंडल अपने जागरूकता अभियान का और विस्तार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक यात्री डिजिटल टिकटिंग का लाभ उठा सकें। यह पहल ‘डिजिटल इंडिया’ के विज़न को साकार करने के साथ-साथ टिकट काउंटरों पर प्रतीक्षा समय कम करने, कागज़ के उपयोग में कमी लाने तथा प्रतिदिन सियालदह मंडल से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को सहज, सुरक्षित एवं संपर्करहित यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सियालदह मंडल सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे रेलवन मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रेलवे यात्रा के लिए एक स्मार्ट, तेज़ एवं सुविधाजनक डिजिटल अनुभव का लाभ उठाएँ।








