कोलकाता, 1 जुलाई, 2026:
पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में लाखों यात्रियों के यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। “स्वच्छता चैंपियन” अभियान के चरण-1 एवं चरण-2 की उल्लेखनीय सफलता के बाद, जिनमें जन-जागरूकता एवं संस्थागत जिम्मेदारी पर विशेष बल दिया गया था, अब पूर्व रेलवे इस मिशन के तीसरे और सबसे प्रभावशाली चरण “ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू” का शुभारंभ कर रही है। 4 जुलाई, 2026 से पूर्व रेलवे अपने स्टेशन परिसरों में कूड़ा फैलाने एवं थूकने की घटनाओं के विरुद्ध शून्य-सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति अपनाएगी। यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें कड़ी निगरानी तथा यात्रियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि रेलवे स्टेशन स्वच्छ एवं सुंदर बने रहें।
पूर्व रेलवे ने अपने स्टेशनों पर उच्च-गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों का व्यापक नेटवर्क स्थापित किया है तथा उनकी निगरानी के लिए समर्पित कर्मियों की तैनाती की गई है। अब स्टेशन परिसर का प्रत्येक महत्वपूर्ण क्षेत्र निरंतर निगरानी में रहेगा। यदि कोई व्यक्ति कूड़ा फैलाते या थूकते हुए कैमरे में पकड़ा जाता है, तो उसकी पहचान कर उस पर तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा।
इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूर्व रेलवे यात्रियों को भी अपने स्टेशनों का स्वच्छता प्रहरी बनने का अवसर दे रहा है। यदि कोई यात्री किसी व्यक्ति को कूड़ा फैलाते या थूकते हुए देखता है, तो वह उसकी तस्वीर लेकर निर्धारित मोबाइल नंबर पर भेज सकता है। फोटो प्राप्त होने के बाद पूर्व रेलवे संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई करेगा। इसके अतिरिक्त, फोटो भेजने वाले जागरूक यात्री को “कैप्टन क्लीन” के रूप में सम्मानित किया जाएगा तथा पूर्व रेलवे द्वारा उन्हें प्रशंसा-पत्र (Certificate) प्रदान किया जाएगा। यह अभिनव पहल प्रत्येक जिम्मेदार यात्री को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के मिशन का सक्रिय भागीदार बनाती है।
इस अभियान का भव्य शुभारंभ 4 जुलाई, 2026 को हावड़ा स्टेशन पर होगा, जहाँ पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर स्वयं इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। यह पूर्व रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता एवं अनुशासन के एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक होगा। इस नई पहल पर अपने विचार व्यक्त करते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा। -“स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू’ अभियान के माध्यम से हम निगरानी व्यवस्था और जनभागीदारी के बीच की दूरी को समाप्त कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि हमारे यात्री हमारे साथ मिलकर रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुंदर और गरिमामय बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देंगे। यदि आप कोई गलत कार्य होते देखें, तो उसकी सूचना दें। आइए, हम सब मिलकर अपने रेलवे स्टेशनों को देश का गौरव बनाएं।” पूर्व रेलवे सभी यात्रियों से अपील करती है कि वे सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने में पूर्ण सहयोग दें, क्योंकि स्वच्छ रेलवे स्टेशन की शुरुआत स्वयं यात्रियों की जिम्मेदारी और सहभागिता से होती है।






