कोलकाता: 26.11.2026
पश्चिम बंगाल सरकार के शहरी विकास एवं नगरपालिका कार्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, कोलकाता नगर निगम के आयुक्त तथा पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक एवं मुख्य पुल अभियंता सहित दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख अवसंरचनात्मक समस्याओं पर चर्चा की गई तथा आपसी समन्वय एवं सहयोग के माध्यम से उनके स्थायी समाधान के उपाय तलाशे गए।
बैठक की अध्यक्षता श्रीमती अग्निमित्रा पॉल, माननीय मंत्री, शहरी विकास एवं नगरपालिका कार्य विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार ने की, जबकि रेलवे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व श्री राजीव सक्सेना, मंडल रेल प्रबंधक, सियालदह ने किया।
बैठक में चर्चा का एक प्रमुख विषय सियालदह दक्षिण खंड में मौलाली–पामर्स ब्रिज की स्थिति थी। हाल ही में इस क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के धंसने (Track Subsidence) की घटना सामने आई थी, जिस पर रेलवे द्वारा अस्थायी रूप से आवश्यक कार्रवाई की गई है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए राज्य सरकार और रेलवे के बीच संयुक्त प्रयास एवं बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, क्षेत्र में जलजमाव की समस्या को रोकने के लिए ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार पर भी विशेष चर्चा हुई, ताकि भविष्य में यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में चर्चा का एक अन्य महत्वपूर्ण विषय टाला क्षेत्र में पानी के रिसाव की समस्या थी। इस संबंध में रेलवे ने रिसाव के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निरीक्षण हेतु आवश्यक अनुमति प्रदान करने पर सहमति व्यक्त की, ताकि उचित सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
इसके अतिरिक्त, संयुक्त हस्तक्षेप एवं प्रयासों के माध्यम से समाधान किए जाने वाले कई अन्य अवसंरचनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग बनाए रखते हुए समन्वित प्रयासों से इन समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मानसून से पहले सभी आवश्यक स्थायी सुधारात्मक उपायों को पूरा करना था, ताकि जलजमाव की पुनरावृत्ति को रोका जा सके, अवसंरचनात्मक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो तथा रेल परिचालन को और अधिक सुचारु बनाने के साथ-साथ आम जनता को बेहतर सुविधा प्रदान की जा सके।









