*आरामदायक यात्रा की दिशा में एक और कदम: वर्तमान में संचालित 10 एसी ईएमयू सेवाओं के क्रम में अब सियालदह–बारासात खंड पर नई एसी लोकल सेवा।*
*शाम के व्यस्त समय में डायमंड हार्बर एवं हासनाबाद सेक्शन में अतिरिक्त ईएमयू सेवाएं।*
*आमघाटा–कृष्णनगर तथा बारासात–दमदम कैंटोनमेंट सेक्शन में नई लोकल सेवाएं।*
*उपनगरीय संपर्क को और मजबूत करने के लिए तीन ट्रेनों का विस्तार:*
*बारुईपुर से लक्ष्मीकांतपुर* , *सियालदह–रानाघाट लोकल का कृष्णनगर तक विस्तार*, *रानाघाट–शांतिपुर–कृष्णनगर लोकल का आमघाटा तक विस्तार*

कोलकाता : 01 जुलाई, 2026

यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या तथा व्यस्त समय में भीड़ को कम करने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने अपने उपनगरीय रेल नेटवर्क का विस्तार करने का निर्णय लिया है। यात्रियों की आवश्यकताओं का विस्तृत अध्ययन करने के बाद मंडल ने नई लोकल सेवाएं तथा कई ट्रेनों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। ये सेवाएं 06.07.2026 से प्रभावी होंगी।

विभिन्न उपनगरीय सेक्शनों में नई एवं विस्तारित सेवाओं के माध्यम से भीड़भाड़ कम करने तथा यात्रा को अधिक सुविधाजनक एवं विश्वसनीय बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

*सियालदह – बारासात सेक्शन*

*नई एसी लोकल (सियालदह–बारासात):*
इस व्यस्त मार्ग पर यात्रियों को अधिक आरामदायक एवं प्रीमियम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु नई एसी ईएमयू लोकल सेवा शुरू की जा रही है। यह ट्रेन बिधाननगर रोड, दमदम जंक्शन, दमदम कैंटोनमेंट, बिराटी तथा मध्यमग्राम स्टेशनों पर रुकेगी। यह ट्रेन सियालदह से 10:33 बजे प्रस्थान करेगी तथा वापसी में बारासात से 11:29 बजे रवाना होगी।

*हासनाबाद यात्रियों के लिए बेहतर मेट्रो संपर्क:*
शाम के व्यस्त समय में यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 33319 बारासात–हासनाबाद अब बारासात के बजाय दमदम कैंटोनमेंट से 17:24 बजे प्रस्थान करेगी तथा 19:20 बजे हासनाबाद पहुंचेगी। इससे यात्रियों को मेट्रो से सीधा संपर्क मिलेगा। साथ ही बारासात–दमदम कैंटोनमेंट के बीच नई लोकल सेवा भी शुरू की जा रही है।

यह पीक आवर्स में दमदम कैंटोनमेंट से बोंगांव/हासनाबाद की ओर चलने वाली तीसरी सेवा होगी, जिससे मेट्रो संपर्क और बेहतर होगा।

*सियालदह दक्षिण सेक्शन*

*सियालदह–डायमंड हार्बर सेक्शन:*
शाम के व्यस्त समय में दो नई सेवाएं शुरू की जा रही हैं—

सियालदह (18:20) – डायमंड हार्बर (20:01)
डायमंड हार्बर (20:20) – सोनारपुर (21:14)

साथ ही वर्तमान में विशेष (Special) के रूप में चल रही सोनारपुर–डायमंड हार्बर एवं डायमंड हार्बर–सियालदह सेवाओं को नियमित किया जाएगा।

*सियालदह–कैनिंग सेक्शन:*
ट्रेन संख्या 34420 सियालदह–सोनारपुर लोकल को कैनिंग तक विस्तारित किया जाएगा। यह ट्रेन 09:50 बजे सियालदह से प्रस्थान करेगी। इसके अतिरिक्त 11:30 बजे कैनिंग–सोनारपुर नई लोकल सेवा शुरू होगी। वर्तमान विशेष सेवाओं को भी नियमित किया जाएगा।

*बारुईपुर–लक्ष्मीकांतपुर सेक्शन:*
सियालदह–बारुईपुर लोकल अब लक्ष्मीकांतपुर तक चलेगी। यह ट्रेन 19:56 बजे सियालदह से प्रस्थान कर 21:27 बजे लक्ष्मीकांतपुर पहुंचेगी। वहीं बारुईपुर–सोनारपुर सेवा अब 21:35 बजे लक्ष्मीकांतपुर से प्रारंभ होकर 22:38 बजे सोनारपुर पहुंचेगी।

*सियालदह–कृष्णनगर–शांतिपुर सेक्शन*

*सियालदह–कृष्णनगर सेक्शन:*
देर रात कृष्णनगर जाने वाली ट्रेनों की कमी को देखते हुए सियालदह–रानाघाट लोकल (31629) को प्रयोगात्मक रूप से कृष्णनगर तक बढ़ाया जाएगा। यह ट्रेन 22:08 बजे सियालदह से चलकर 00:23 बजे कृष्णनगर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 31614 अब रानाघाट के स्थान पर कृष्णनगर से प्रातः 5:34 बजे, सोमवार से शुक्रवार तक चलेगी।

*आमघाटा के लिए सीधी सुविधा:*
ट्रेन संख्या 31585 (रानाघाट–शांतिपुर–कृष्णनगर) को आमघाटा तक विस्तारित किया जा रहा है, जिससे दिगनगर क्षेत्र के यात्रियों को लाभ मिलेगा। साथ ही आमघाटा–कृष्णनगर नई लोकल सेवा भी शुरू होगी, जिससे यात्रियों को सियालदह एवं शांतिपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों से बेहतर संपर्क मिलेगा।

*सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजीव सक्सेना ने कहा,* “यह नई योजना यात्रियों की दैनिक यात्रा आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसका उद्देश्य भीड़भाड़ कम करना, अधिक आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना तथा मेट्रो से बेहतर संपर्क सुनिश्चित करना है। सियालदह मंडल अपने यात्रियों की आवश्यकताओं के प्रति सदैव संवेदनशील है और सुरक्षित, विश्वसनीय एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।”