(क) *माझेरहाट स्टेशन पर फर्जी टिकट परीक्षक गिरफ्तार/पकड़ा गया*
एक सतर्क यात्री की सूझबूझ और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से आज दोपहर माझेरहाट रेलवे स्टेशन पर एक अनधिकृत व्यक्ति को फर्जी टिकट परीक्षक (TE) बनकर यात्रियों से अवैध रूप से जुर्माना वसूलने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया।
घटना उस समय हुई जब एक अनधिकृत व्यक्ति ने स्वयं को ड्यूटी पर तैनात रेलवे टिकट परीक्षक बताकर स्टेशन परिसर में एक यात्री को रोका और उससे अनुचित रूप से जुर्माना मांगने लगा। यात्री को संदेह हुआ और उसने जुर्माने की वैधता पर सवाल उठाया, जिसके बाद उसकी उक्त व्यक्ति से बहस होने लगी।
बहस को देखते हुए माझेरहाट स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और मामले की जांच शुरू की। व्यक्ति के व्यवहार और उसके दस्तावेजों पर संदेह होने पर स्टेशन कर्मचारियों ने तुरंत मामले की जानकारी वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को दी।
विस्तृत सत्यापन और पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति वैध रेलवे पहचान-पत्र अथवा किसी प्रकार का आधिकारिक प्राधिकरण प्रस्तुत करने में विफल रहा। जांच में उसके फर्जी टिकट परीक्षक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट, बालीगंज को सौंप दिया गया।
इसके बाद IC/GRPS/बालीगंज द्वारा Subhajit Banerjee, उम्र 32 वर्ष, के विरुद्ध केस संख्या 28/26, दिनांक 20.08.2026, के तहत BNS 2023 की धाराओ 204/205/234/235/319(2)/336(2)/337/338/336(3)/336(4)/340(2)/339/61(2) में मामला दर्ज किया गया है।
इस समन्वित सतर्कता की सराहना करते हुए सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री राजीव सक्सेना ने कहा, “हमारे यात्री द्वारा दिखाई गई सतर्कता और माझेरहाट में हमारे कर्मचारियों द्वारा की गई त्वरित एवं निर्णायक कार्रवाई अत्यंत सराहनीय है। सियालदह मंडल अनधिकृत गतिविधियों और धोखाधड़ी के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति रखता है। हम अपने सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और परेशानी-मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं यात्रियों से अपील करता हूं कि वे हमेशा रेलवे कर्मचारियों के आधिकारिक पहचान-पत्र की जांच करें और किसी भी वैध जुर्माने या किराया अंतर की राशि का भुगतान करते समय उचित मनी रसीद अवश्य प्राप्त करें।”
श्री सक्सेना ने सभी यात्रियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि रेलवे परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देती है, तो यात्री तुरंत स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात रेलवे कर्मचारियों को इसकी सूचना दें अथवा त्वरित सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।