सियालदह मंडल में दो नए एसी ईएमयू सेवाओं का शुभारंभ

कोलकाता, 05.09.2025:

पूर्व रेलवे, सियालदह मंडल ने दो एयर कंडीशंड इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (एसी ईएमयू) ट्रेन सेवाओं का सफल शुभारंभ किया, जो सियालदह मंडल में उपनगरीय यात्रा के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह दो एसी ईएमयू ट्रेन सेवाएँ दो प्रमुख मार्गों पर प्रारंभ की गई हैं:
सियालदह–रानाघाट (बैरकपुर–बंगाँव मार्ग के माध्यम से) तथा सियालदह–कृष्णनगर। दोनों ही सेवाओं को यात्रियों से उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया मिली। रानाघाट–सियालदह सेवा में उल्लेखनीय भराव दर्ज किया गया और सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई, वहीं कृष्णनगर सेवा ने भी अच्छी संख्या में यात्रियों को आकर्षित किया और यात्री छुट्टियों के दौरान इस सुविधा से अत्यंत प्रसन्न हैं।

एसी ईएमयू सेवाओं की शुरुआत सियालदह मंडल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो लंबे समय से चली आ रही यात्रियों की बेहतर सुविधा और आरामदायक यात्रा की मांग को पूरा करती है। आधुनिक रेक विशेष रूप से गर्म और उमस भरे ग्रीष्मकाल में यात्रियों को शीतल एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करेंगे।

  • इन सेवाओं का शुभारंभ पूर्व रेलवे, सियालदह मंडल की अवसंरचना को उन्नत बनाने और यात्रियों के अनुभव को बेहतर करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह हमारे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन लाखों यात्रियों की सुविधा के लिए नई प्रौद्योगिकी और बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।