कोलकाता: 12.02.2026

टिकट रहित यात्रा पर सख्त कार्रवाई करते हुए तथा वास्तविक यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल द्वारा पूरे मंडल में एक व्यापक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

यह गहन अभियान केवल राजस्व सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि यात्रियों में वैध टिकट के साथ यात्रा करने के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अनुशासित यात्रा की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस अभियान के दौरान कुल 2,182 मामले दर्ज किए गए तथा ₹5,24,035 का जुर्माना वसूल किया गया, जो सियालदह मंडल के प्रमुख स्टेशनों और खंडों से प्राप्त हुआ।

अभियान के दौरान जांच कर्मचारियों की टीम ने सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से सघन जांच की। बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनुचित टिकट के साथ यात्रा करने वाले अथवा बिना बुक किए सामान ले जाने वाले यात्रियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य टिकट रहित यात्रा पर रोक लगाने के लिए प्रभावी निरोधात्मक संदेश देना तथा जनता को जागरूक करना है। प्रत्येक खरीदा गया टिकट रेलवे अवसंरचना और यात्री सुविधाओं के विकास में प्रत्यक्ष योगदान देता है।

सियालदह मंडल सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे गरिमा के साथ यात्रा करें और बुकिंग काउंटर, एटीवीएम या RailOne ऐप के माध्यम से वैध टिकट खरीदें। भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक जांच अभियान जारी रहेंगे, ताकि अनधिकृत यात्रा को हतोत्साहित किया जा सके और नियमों का पालन करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान की जा सके।