न्यूज़सुपर रिपोर्ट तानिया कुंडू कोलकाता, 31 अक्टूबर, 2026:

भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर सियालदह मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय है।

इस अवसर पर कोलकाता के प्रिंसेप घाट स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मंडल के लगभग 200 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण, दूरदर्शिता और देश को एक सूत्र में पिरोने में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक, सियालदह, श्री राजीव सक्सेना तथा ईआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ/सियालदह की अध्यक्ष श्रीमती निधि सक्सेना के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम का समापन ‘रन फॉर यूनिटी’ के आयोजन के साथ हुआ। इसमें मंडल रेल प्रबंधक श्री राजीव सक्सेना सहित मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौड़ के माध्यम से आपसी एकता, सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया गया।

इस आयोजन के माध्यम से सियालदह मंडल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों तथा एकता, सद्भाव और सामूहिक जिम्मेदारी के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।