कोलकाता: 11 अक्टूबर, 2026
आगामी दुर्गा पूजा के अवसर पर यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों को विशेष उपहार देते हुए सियालदह मंडल ने कल्याणी स्टेशन के नवनिर्मित भवन में आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त एक एकीकृत आतिथ्य एवं प्रतीक्षालय परिसर शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य दैनिक रेल यात्रियों के साथ-साथ आम जनता को भी आधुनिक सुविधाएं, बेहतर आराम और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
*Ground Floor- आधुनिक प्रतीक्षालय एवं शिशु देखभाल सुविधा*
• निःशुल्क सामान्य प्रतीक्षालय: आरामदायक स्टील की कुर्सियों, आधुनिक पंखों, एलईडी प्रकाश व्यवस्था तथा डीटीएच कनेक्टिविटी वाली मनोरंजन एवं सूचना स्क्रीन से सुसज्जित। यात्रियों के लिए यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क होगी।
• एग्जीक्यूटिव पेड लाउंज: प्रीमियम कुशनयुक्त सीटों एवं रिक्लाइनर, वातानुकूलन तथा उचित दरों पर वैकल्पिक अतिरिक्त सुविधाओं की व्यवस्था।
• विशेष शिशु देखभाल कक्ष: शिशुओं के साथ यात्रा करने वाली माताओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं निजी स्तनपान सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
*First Floor एवं छत: आधुनिक कैफेटेरिया*
परिसर के प्रथम तल एवं छत पर आधुनिक कैफेटेरिया विकसित किया गया है, जहां लोकप्रिय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खाद्य और पेय ब्रांडों, कॉफी चेन, क्विक-सर्विस रेस्तरां तथा कन्फेक्शनरी प्रतिष्ठानों के लिए उपयुक्त व्यवस्था की गई है। मॉड्यूलर किचन, वातानुकूलन और आधुनिक आंतरिक सज्जा से युक्त यह सुविधा पर्यावरण-अनुकूल एवं जैव-अपघटनीय पैकेजिंग तथा उच्च खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देगी।
*सभी सुविधाओं के लिए अलग एवं आधुनिक शौचालय*
स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सामान्य प्रतीक्षालय, सशुल्क लाउंज और कैफेटेरिया के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालयों की व्यवस्था की गई है। इनका नियमित रखरखाव एवं स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी।
परिसर में स्वचालित अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, नियमित सैनिटाइजेशन तथा यूपीआई और मोबाइल वॉलेट के माध्यम से कैशलेस भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।
इस अवसर पर *मंडल रेल प्रबंधक, सियालदह, श्री राजीव सक्सेना ने कहा*, सियालदह मंडल स्टेशन परिसरों को आधुनिक पारगमन केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां यात्रियों को बेहतर आराम और सुविधाएं मिल सकें। कल्याणी स्टेशन का यह अत्याधुनिक कैफेटेरिया एवं लाउंज परिसर यात्रियों और स्थानीय समुदाय के लिए हमारा दुर्गा पूजा उपहार है। एक ही परिसर में शिशु देखभाल सुविधा, सभी वर्गों के लिए अलग शौचालय और उत्कृष्ट खानपान सुविधाएं उपलब्ध कराकर हमारा उद्देश्य यात्रियों को सुखद, सम्मानजनक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।









