कोलकाता, 16.09.2025:

कोलकाता की उपनगरीय परिवहन प्रणाली की जीवनरेखा के रूप में, बिधाननगर रोड स्टेशन विशेषकर व्यस्त समय में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सामान्य दिनों में बिधाननगर रोड स्टेशन पर लगभग 1.7 लाख यात्रियों की आवाजाही होती है, जिनमें से केवल सुबह और शाम के पीक ऑवर में ही 1 लाख से अधिक यात्रियों की भीड़ रहती है, जिससे भारी भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न होती है।

बिधाननगर रोड , अपनी रणनीतिक स्थिति और व्यापक संपर्क व्यवस्था के कारण, सियालदह मंडल का एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्टेशन है। यह स्टेशन साल्ट लेक, सीलदह, कांकुड़गाछी, सेक्टर V, राजारहाट न्यू टाउन आदि से निकटता के कारण यात्रियों के लिए प्रमुख केंद्र है। इसके अलावा यह उत्तर और दक्षिण सेक्शन को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण सेतु भी है।

पूर्व रेलवे, सियालदह मंडल एक और नई लोकल ट्रेन सेवा की शुरुआत करने जा रहा है। नई ट्रेन सेवा 31343 UP बिधाननगर रोड–कल्याणी लोकल बिधाननगर रोड से 19:27 बजे चलेगी और 20:36 बजे कल्याणी पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में सभी स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी यात्रा में 31340 DN कल्याणी–सियालदह लोकल कल्याणी से 20:55 बजे रवाना होगी और 22:19 बजे सियालदह पहुंचेगी। यह नई सेवा सप्ताह में सोमवार से शनिवार तक चलेगी। यह सेवा सोमवार, 22 सितम्बर 2025 से शुरू होगी और यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद तथा सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करेगी।

इन अतिरिक्त सेवाओं की शुरुआत हमारे क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की बढ़ती मांग को पूरा करने की निरंतर कोशिश को दर्शाती है।