कोलकाता, 7 फ़रवरी 2026:

‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल द्वारा पूरे मंडल में व्यापक स्तर पर विशेष एंटी-लिटरिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पिछले पाँच वर्षों में एक ही दिन में दर्ज किए गए मामलों की संख्या तथा वसूले गए जुर्माने की राशि के लिहाज़ से अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि साबित हुआ।
इस सघन और कठोर अभियान के दौरान कुल 506 एंटी-लिटरिंग मामले दर्ज किए गए। रेलवे उपनियमों के सख्त प्रवर्तन के माध्यम से ₹1.08 लाख की जुर्माना राशि वसूल की गई।

यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से मंडल द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया तथा सभी प्रमुख स्टेशनों पर नियमित घोषणाएँ की गईं। इन प्रयासों का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के प्रति शिक्षित करना था।
यह रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन सियालदह मंडल की स्वच्छ, सुरक्षित और स्वच्छता पूर्ण यात्रा वातावरण प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सामुदायिक सहभागिता और अनुशासन के समन्वय के माध्यम से मंडल स्टेशन स्वच्छता और यात्री व्यवहार में नए मानक स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है।

सियालदह मंडल सभी यात्रियों से स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील करता है और यह स्मरण कराता है कि स्वच्छ रेलवे हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।