कोलकाता, 29 सितम्बर, 2025
सियालदह मंडल, पूर्व रेलवे द्वारा स्काउट्स एंड गाइड्स, सेंट जॉन एम्बुलेंस, सिविल डिफेन्स, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के सहयोग से इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर अभूतपूर्व कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
दुर्गा पूजा, जो इस क्षेत्र का सबसे प्रतीक्षित और भव्य त्योहार है, के दौरान भारी संख्या में यात्री एवं श्रद्धालु यात्रा करते हैं। इस परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए, विभिन्न एजेंसियों ने मिलकर एक व्यापक सुरक्षा रणनीति तैयार की है।
मंडल द्वारा उठाए गए प्रमुख कदम इस प्रकार हैं:
भीड़ प्रबंधन: सियालदह, बिधाननगर, दमदम, नैहाटी एवं कल्याणी स्टेशनों पर स्काउट्स एवं गाइड्स की तैनाती की जाएगी, जो यात्रियों एवं पंडाल हॉपर्स की सहायता करेंगे, आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएँगे तथा भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संचालित करेंगे।
आपातकालीन चिकित्सीय सहायता: सेंट जॉन एम्बुलेंस की टीम प्राथमिक उपचार सुविधाओं से लैस होकर एवं एम्बुलेंस सहित तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।
बढ़ी हुई निगरानी: पूरे सियालदह मंडल में सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत किया गया है। आरपीएफ की विशेष टीमें लगातार निगरानी रखेंगी और किसी भी संभावित व्यवधान पर तुरंत कार्रवाई करेंगी।
गश्त में वृद्धि: मंडल स्तर पर 24×7 वॉर रूम स्थापित किया गया है। सुरक्षा कर्मियों द्वारा प्लेटफॉर्म, फुटब्रिज तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर गश्त की जाएगी, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सूचना काउंटर: विशेष सूचना काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहाँ से यात्रियों को ट्रेन समय सारिणी, प्लेटफॉर्म जानकारी एवं अन्य आवश्यक सूचनाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
सार्वजनिक उद्घोषणा: नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षा निर्देश, ट्रेन समय तथा किसी भी परिवर्तन की जानकारी दी जाएगी।
दुर्गा पूजा हेतु विशेष ईएमयू सेवाएँ
सियालदह मंडल में यात्रियों एवं पंडाल हॉपर्स की बढ़ती संख्या को देखते हुए 27/28 सितम्बर से 1/2 अक्टूबर, 2025 तक कुल 31 पूजा स्पेशल ईएमयू सेवाएँ चलाई जाएंगी।
(A) सियालदह मुख्य एवं उत्तर सेक्शन – 19 सेवाएँ
सियालदह-रानाघाट-नैहाटी-सियालदह: 6 सेवाएँ (21:40 बजे से 03:10 बजे तक)
(सियालदह-रानाघाट:-02, नैहाटी-रानाघाट:-02, सियालदह-नैहाटी:-02)
सियालदह-कल्याणी-सियालदह: 4 सेवाएँ (21:10 बजे से 02:55 बजे तक)
बंगांव-बारासात-सियालदह: 4 सेवाएँ (22:20 बजे से 04:30 बजे तक)
(सियालदह-बंगांव:-02, सियालदह-बारासात:-02)
रानाघाट-नैहाटी- कृष्णनगर: 5 सेवाएँ (23:45 बजे से 04:55 बजे तक)
(रानाघाट-कृष्णनगर:-01, कृष्णनगर-नैहाटी:-02, कृष्णनगर-कल्याणी:-01, कल्याणी-रानाघाट:-01)
(B) सियालदह दक्षिण सेक्शन – 12 सेवाएँ
सियालदह(द)-बरुईपुर: 6 सेवाएँ (23:40 बजे से 04:30 बजे तक)
(सियालदह-बरुईपुर:-02, बालीगंज-बरुईपुर:-04)
सियालदह(द)-बजबज: 6 सेवाएँ (23:30 बजे से 03:40 बजे तक)
(सियालदह-बजबज:-02, न्यू अलीपुर-बजबज:-04)
ये विशेष सेवाएँ यात्रियों को सुविधाजनक एवं सुलभ यात्रा विकल्प प्रदान करेंगी तथा त्योहार के दौरान भीड़ के दबाव को कम करने में मदद करेंगी। सियालदह मंडल सभी यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करें एवं भीड़ प्रबंधन के निर्देशों का पालन करें, ताकि सभी के लिए यात्रा सुरक्षित और आनंदमय बन सके।